शेख समी उर रहमान बने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नए मुख्य जनसंपर्क अधिकारी

बिलासपुर। भारतीय रेलवे यातायात सेवा (आईआरटीएस) के 2015 बैच के अधिकारी शेख समी उर रहमान ने सोमवार को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) के नए मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) का पदभार ग्रहण किया। उन्होंने यह जिम्मेदारी डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव से संभाली, जिनका स्थानांतरण रायपुर रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के पद पर हुआ है।

पदभार ग्रहण करने से पहले शेख समी उर रहमान पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। इससे पहले वे सहायक परिचालन प्रबंधक (AOM), मंडल परिचालन प्रबंधक (DOM) और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी (Sr. DSO) जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं के विस्तार और गैर-किराया राजस्व (नॉन-फेयर रेवेन्यू) बढ़ाने के लिए कई नवाचार किए। उनके नेतृत्व में वाराणसी मंडल ने वाणिज्यिक पहलों के माध्यम से उल्लेखनीय अतिरिक्त राजस्व अर्जित किया, जिसके लिए उन्हें वर्ष 2024 का भारतीय रेल का 'अति विशिष्ट सेवा पुरस्कार' भी प्रदान किया गया।

छत्तीसगढ़ के दुर्ग निवासी शेख समी उर रहमान ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), रायपुर से सूचना प्रौद्योगिकी में बीटेक की डिग्री प्राप्त की है। वर्ष 2016 में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से भारतीय रेल यातायात सेवा में चयनित होने के बाद उन्होंने भारतीय रेल में अपनी सेवाएं शुरू की थीं।