विश्व जनसंख्या दिवस पर इज्जतनगर मंडलीय चिकित्सालय में जागरूकता संगोष्ठी

बरेली। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडलीय चिकित्सालय में जनसंख्या नियंत्रण और परिवार नियोजन को लेकर जागरूकता संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यू. एस. नाग की अध्यक्षता में हुआ।

संगोष्ठी में चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ ने भर्ती एवं बाह्य रोगियों तथा उनके परिजनों को बढ़ती जनसंख्या के सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी प्रभावों की जानकारी दी। इस दौरान परिवार नियोजन अपनाने तथा "छोटा परिवार, सुखी परिवार" के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में डॉ. यूसरा हसन ने विश्व जनसंख्या से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़ों और जनसंख्या संतुलन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनोहर कुमार, वरिष्ठ मंडलीय चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशुतोष शंखधर, डॉ. संगीता शर्मा, डॉ. गाबा, डॉ. प्राची वर्मा, डॉ. विदुषी सहित मंडलीय चिकित्सालय के सभी चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, मरीज और उनके परिजन उपस्थित रहे।

संगोष्ठी का उद्देश्य जनसंख्या स्थिरीकरण, स्वस्थ परिवार और बेहतर भविष्य के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा परिवार नियोजन को अपनाने के लिए प्रेरित करना था।