रेल कर्मचारियों के बच्चों ने टैलेंट हंट में बिखेरा हुनर, दो दिवसीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता शुरू

रेल कर्मचारियों के बच्चों ने टैलेंट हंट में बिखेरा हुनर, दो दिवसीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता शुरू

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में रेल कर्मचारियों के बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से दो दिवसीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता एवं टैलेंट हंट शो का आयोजन गुरुवार को अधिकारी क्लब, रोड संख्या-02, इज्जतनगर में शुरू हुआ। कार्यक्रम मंडल रेल प्रबंधक के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी के निर्देशन में आयोजित किया गया।

प्रतियोगिता में 8 से 12 वर्ष, 13 से 18 वर्ष तथा 19 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग के रेल कर्मचारियों के पुत्र-पुत्रियों एवं पात्र पारिवारिक सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने ड्राइंग, निबंध लेखन, नृत्य, गायन, संगीत वादन, कविता पाठ, मिमिक्री, मोनो एक्टिंग और मैजिक शो जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और कलात्मक अभिव्यक्ति ने निर्णायकों एवं उपस्थित लोगों को प्रभावित किया। आयोजन का उद्देश्य रेल कर्मचारियों के बच्चों में छिपी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देना तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक सांस्कृतिक वातावरण का निर्माण करना है।