श्रीगंगानगर में भीषण सड़क हादसा: 3 वाहनों की टक्कर, 3 युवकों की मौत, 2 गंभीर घायल, नेतेवाला के पास कार, ट्रक और बाइक की भिड़ंत, डीएसपी और सीआई पहुंचे मौके पर

श्रीगंगानगर जिले में आज एक दर्दनाक सड़क हादसे में 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा श्रीगंगानगर के गांव नेतेवाला स्थित गणेश मंदिर के पास हुआ।

जानकारी के अनुसार गणेश मंदिर के पास अचानक कार, ट्रक और बाइक की भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवार 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में 2 युवक गांव बिंझवायला और 1 युवक 48 एलएनपी का निवासी बताया जा रहा है।

वहीं इस हादसे में बाइक सवार 2 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका इलाज जारी है।

सूचना मिलते ही डीएसपी भूपेंद्र सोनी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। सदर थाना प्रभारी सीआई सुभाष ढिल्ल ने मोर्चा संभालते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की।

उधर पीएमओ डॉ. सुखपाल सिंह बराड़ सहित चिकित्सकों की टीम भी अस्पताल पहुंची और घायलों के इलाज में जुटी। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।