श्रीगंगानगर: 13 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म प्रकरण में फेक वीडियो वायरल, पुलिस ने लोगों से की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

श्रीगंगानगर जिले में 13 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के मामले को लेकर सोशल मीडिया पर एक फर्जी वीडियो वायरल हो रहा है। इसको लेकर पुलिस ने आमजन से संयम बरतने और बिना पुष्टि के किसी भी वीडियो को शेयर नहीं करने की अपील की है।

पीड़िता परिजनों के साथ सकुशल: पुलिस....

पुलिस के अनुसार रेप पीड़ित बच्ची अपने परिजनों के साथ सकुशल है। सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल किया जा रहा है, उसका इस प्रकरण से कोई संबंध नहीं है। वह पूरी तरह से फेक है।

बिना जांच के वीडियो शेयर न करें: एएसपी दीपक....

श्रीगंगानगर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक ने बताया कि किसी भी वीडियो को "श्रीगंगानगर का" बताकर बिना सत्यता जाने वायरल करना भ्रामक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर चल रहे फेक वीडियो पर ध्यान न दें और उसे आगे फॉरवर्ड न करें।

एएसपी ने कहा कि किसी भी दुष्कर्म पीड़िता की पहचान उजागर करना और फेक वीडियो को वायरल करना कानूनन जुर्म है। ऐसे मामलों में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।

फेक वीडियो फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई....

पुलिस ने स्पष्ट किया कि जो भी लोग फेक वीडियो बनाकर या शेयर कर अफवाह फैलाने में शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सोशल मीडिया पर भी निगरानी कर रही है।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले में जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।