खाटू श्याम जी मंदिर के पास बनेगा नया रेलवे स्टेशन, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रतिनिधिमंडल से की मुलाकात

खाटू श्याम जी मंदिर के पास बनेगा नया रेलवे स्टेशन, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रतिनिधिमंडल से की मुलाकात

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को राजस्थान के सीकर से आए श्री खाटू श्याम जी टेम्पल ट्रस्ट के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। बैठक में मंदिर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए रेल संपर्क और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने पर चर्चा हुई।

रेल मंत्री ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सीकर-रींगस रेलखंड पर पलसाना और बावड़ी ठीकरिया स्टेशनों के बीच खाटू श्याम जी मंदिर के निकट एक नए रेलवे स्टेशन का निर्माण किया जाएगा। यह स्टेशन मंदिर से लगभग 11 किलोमीटर की दूरी पर होगा और इससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर रेल सेवाएं मिल सकेंगी।

उन्होंने कहा कि परियोजना के तहत पहले रेलवे लाइन, इंजीनियरिंग और सिग्नलिंग से जुड़े तकनीकी कार्य पूरे किए जाएंगे। इसके बाद स्टेशन भवन का निर्माण शुरू होगा। स्टेशन को राजस्थान की पारंपरिक वास्तुकला और सांस्कृतिक विरासत के अनुरूप विकसित किया जाएगा।

प्रस्तावित स्टेशन पर आधुनिक बुकिंग कार्यालय, विशाल प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, यात्री-अनुकूल सुविधाएं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

रेल मंत्रालय के अनुसार, इस स्टेशन के बनने से हर वर्ष खाटू श्याम जी मंदिर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बड़ा लाभ मिलेगा। साथ ही क्षेत्रीय रेल संपर्क मजबूत होगा, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी और क्षेत्र के रेलवे बुनियादी ढांचे का भी विस्तार होगा।