मुंबई में भारी बारिश से रेल यातायात प्रभावित, कई ट्रेनें रद्द, कुछ सेवाओं में बदलाव

मुंबई में भारी बारिश से रेल यातायात प्रभावित, कई ट्रेनें रद्द, कुछ सेवाओं में बदलाव

पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव हो गया है, जिससे रेल यातायात प्रभावित हुआ है। यात्रियों की सुरक्षा और परिचालन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि कुछ ट्रेनों के संचालन में आंशिक बदलाव किया गया है।

रेलवे के अनुसार, अहमदाबाद मुंबई सेंट्रल शताब्दी एक्सप्रेस, सूरत महुवा एक्सप्रेस, ओखा मुंबई सेंट्रल सौराष्ट्र मेल, जामनगर बांद्रा टर्मिनस हमसफर एक्सप्रेस, पोरबंदर दादर सौराष्ट्र एक्सप्रेस, भावनगर टर्मिनस आसनसोल एक्सप्रेस, आसनसोल भावनगर टर्मिनस एक्सप्रेस, अहमदाबाद बोरीवली एक्सप्रेस तथा बोरीवली?वटवा एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को विभिन्न तिथियों पर निरस्त किया गया है।

इसके अलावा, वेरावल बांद्रा टर्मिनस सौराष्ट्र जनता एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 19218) 7 जुलाई को अपने निर्धारित प्रारंभिक स्टेशन वेरावल के बजाय अहमदाबाद से संचालित होगी।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से अवश्य जांच लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। भारी बारिश की स्थिति सामान्य होने के बाद ही सेवाओं को पूरी तरह बहाल किया जाएगा।