मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर भूस्खलन का बड़ा असर, 26 ट्रेनें रद्द, 47 डायवर्ट; बहाली के लिए 400 मजदूर तैनात

मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर भूस्खलन का बड़ा असर, 26 ट्रेनें रद्द, 47 डायवर्ट; बहाली के लिए 400 मजदूर तैनात

मुंबई। मध्य रेलवे के लोनावला?करजात घाट सेक्शन में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण ठाकुरवाड़ी केबिन और मंकी हिल केबिन के बीच सोमवार को भूस्खलन हो गया। इसके चलते मुंबई?पुणे रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मध्य रेलवे ने रात 8 बजे तक की स्थिति जारी करते हुए बताया कि बड़ी संख्या में ट्रेनों को रद्द, डायवर्ट, शॉर्ट टर्मिनेट और पुनर्निर्धारित किया गया है।

रेलवे के अनुसार, 4 जुलाई को 162 मिमी, 5 जुलाई को 327 मिमी और 6 जुलाई को केवल चार घंटे में 140 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की गई, जिसके कारण घाट सेक्शन में भूस्खलन हुआ।

रेल परिचालन पर असर

- 26 ट्रेनें रद्द

- 47 ट्रेनें डायवर्ट

- 19 ट्रेनें शॉर्ट टर्मिनेट

- 15 ट्रेनें शॉर्ट ओरिजिनेट

- 3 ट्रेनें पुनर्निर्धारित

- 6 ट्रेनें पुनर्निर्धारित करने के साथ डायवर्ट भी की गईं।

रद्द की गई ट्रेनों में मुंबई?पुणे इंद्रायणी एक्सप्रेस, डेक्कन क्वीन, डेक्कन एक्सप्रेस, प्रगति एक्सप्रेस, सिंहगढ़ एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस, कोयना एक्सप्रेस, दादर?सातारा एक्सप्रेस तथा अन्य प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं। इनमें से कई सेवाएं 7 जुलाई को भी रद्द रहेंगी।

यात्रियों की सुविधा के लिए अनेक लंबी दूरी की ट्रेनों को कल्याण?इगतपुरी?मनमाड?दौंड तथा अन्य वैकल्पिक मार्गों से चलाया जा रहा है। वहीं कई ट्रेनों को पुणे, लोनावला, पनवेल, करजात, दौंड, खड़की और अन्य स्टेशनों पर शॉर्ट टर्मिनेट या शॉर्ट ओरिजिनेट किया गया है।

मध्य रेलवे ने बताया कि भूस्खलन प्रभावित घाट सेक्शन में रेल मार्ग को जल्द बहाल करने के लिए 200 मजदूर पहले से कार्यरत हैं तथा अतिरिक्त 200 मजदूरों को भी मौके पर लगाया जा रहा है। रेलवे के इंजीनियरिंग और तकनीकी दल लगातार मलबा हटाने तथा ट्रैक को सुरक्षित बनाने के कार्य में जुटे हुए हैं।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है। मध्य रेलवे ने आश्वासन दिया है कि बहाली का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है और स्थिति सामान्य होते ही नियमित रेल सेवाएं पुनः शुरू कर दी जाएंगी।