टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस और नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस का शुभारंभ, टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन अब शाहजहाँपुर तक जाएगी

टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस और नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस का शुभारंभ, टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन अब शाहजहाँपुर तक जाएगी

बरेली। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच रेल संपर्क को मजबूत करते हुए सोमवार को टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस, नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस तथा टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा के शाहजहाँपुर तक विस्तार का शुभारंभ किया गया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सहित कई केंद्रीय मंत्रियों और राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने अलग-अलग स्टेशनों से इन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नांदेड के धार्मिक महत्व और जनभावनाओं को देखते हुए टनकपुर-नांदेड तथा नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस को स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल में तेजी से बदलाव हो रहा है। पिछले 12 वर्षों में 37 हजार किलोमीटर नए रेल ट्रैक बिछाए गए हैं और 99.6 प्रतिशत रेल नेटवर्क का विद्युतीकरण पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि सामान्य श्रेणी के 12 हजार नए कोच बनाए जा रहे हैं, जिनमें से 4 हजार कोच पहले ही ट्रेनों में शामिल किए जा चुके हैं।

रेल मंत्री ने यह भी कहा कि आगामी रथ यात्रा के दौरान 300 और ओणम के अवसर पर 100 विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी, ताकि त्योहारों के दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस केवल एक नई ट्रेन नहीं, बल्कि उत्तर और दक्षिण भारत के बीच आस्था, पर्यटन, व्यापार और सांस्कृतिक एकता का मजबूत सेतु है। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन से महाराष्ट्र सहित मध्य भारत के यात्रियों को उत्तराखंड आने में सुविधा होगी और स्थानीय उत्पादों को नए बाजार मिलेंगे।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस को राज्य के लिए बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि इससे धार्मिक पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह ने कहा कि नई ट्रेनों से सिख श्रद्धालुओं की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है और अब श्रद्धालु सीधे टनकपुर से तख्त श्री हज़ूर साहिब, नांदेड तक यात्रा कर सकेंगे।

वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन के शाहजहाँपुर तक विस्तार और टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस के संचालन से पीलीभीत क्षेत्र के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे पीलीभीत टाइगर रिजर्व में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

समारोह के दौरान पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर, अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। नई रेल सेवाओं से उत्तर भारत और दक्षिण भारत के बीच रेल संपर्क मजबूत होने के साथ यात्रियों को तेज, सुविधाजनक और सीधी यात्रा का लाभ मिलेगा।