अमृत भारत स्टेशन योजना से बदली जोधपुर मंडल के स्टेशनों की तस्वीर, जैसलमेर-बाड़मेर-गोटन का पुनर्विकास पूरा

अमृत भारत स्टेशन योजना से बदली जोधपुर मंडल के स्टेशनों की तस्वीर, जैसलमेर-बाड़मेर-गोटन का पुनर्विकास पूरा

जोधपुर। भारतीय रेल की महत्वाकांक्षी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में जैसलमेर, बाड़मेर और गोटन रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य पूरा हो गया है। आधुनिक सुविधाओं से लैस इन स्टेशनों के शुरू होने के बाद यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव मिलेगा।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि जोधपुर मंडल के 14 रेलवे स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकास किया जा रहा है। इनमें अधिकांश स्टेशनों पर निर्माण कार्य अंतिम चरण में है, जबकि जैसलमेर, बाड़मेर और गोटन स्टेशनों का कार्य पूरी तरह पूरा हो चुका है।

सबसे बड़े प्रोजेक्ट के रूप में जैसलमेर रेलवे स्टेशन का लगभग 140 करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प किया गया है। स्टेशन भवन को जैसलमेर की ऐतिहासिक स्थापत्य शैली के अनुरूप पीले बलुआ पत्थर से विकसित किया गया है। यहां आधुनिक एयर कॉन्कोर्स, विशाल प्रतीक्षालय, लिफ्ट, एस्केलेटर, 12 मीटर चौड़ा नया फुट ओवरब्रिज, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, फूड कोर्ट, बेहतर पार्किंग, आकर्षक सर्कुलेटिंग एरिया, सीसीटीवी सुरक्षा और दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

वहीं बाड़मेर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास 17.83 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। नए स्टेशन भवन, अलग प्रवेश एवं निकास द्वार, आधुनिक प्रतीक्षालय, लिफ्ट, 12 मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, सौंदर्यीकरण और दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाओं से स्टेशन को आधुनिक स्वरूप दिया गया है।

इसी तरह गोटन रेलवे स्टेशन का 20.14 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिकीकरण किया गया है। यहां आधुनिक स्टेशन भवन, डिजिटल सूचना प्रणाली, वेटिंग रूम, आधुनिक शौचालय, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, सर्कुलेटिंग एरिया और नया 12 मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज यात्रियों की सुविधा बढ़ाएगा।

तीनों स्टेशनों पर विस्तारित प्लेटफॉर्म शेल्टर, आधुनिक प्रतीक्षालय, उन्नत शौचालय, पेयजल, डिजिटल सूचना प्रणाली और दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं विकसित की गई हैं। पुनर्विकसित स्टेशनों के उद्घाटन की प्रक्रिया शुरू करने के लिए रेलवे बोर्ड के निर्देशों की प्रतीक्षा की जा रही है।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किए गए इन विकास कार्यों से जोधपुर मंडल की रेल अवसंरचना मजबूत होगी। साथ ही पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। भारतीय रेल यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।