जोधपुर मंडल में बिना टिकट यात्रा पर सख्ती, जून में 22 हजार से अधिक मामले पकड़े; रेलवे ने वसूले 1.28 करोड़ रुपये

जोधपुर मंडल में बिना टिकट यात्रा पर सख्ती, जून में 22 हजार से अधिक मामले पकड़े; रेलवे ने वसूले 1.28 करोड़ रुपये

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान जून माह में 22 हजार से अधिक मामले पकड़े गए। इन मामलों में रेलवे ने 1.28 करोड़ रुपये से अधिक का किराया एवं जुर्माना वसूल कर नियमों के प्रभावी पालन की दिशा में बड़ी कार्रवाई की है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में मंडल के सभी रेलखंडों पर नियमित टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। जून माह में करीब 12 हजार बिना टिकट यात्रियों से 71.54 लाख रुपये, जबकि 8,659 अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों से 54 लाख रुपये किराया और जुर्माने के रूप में वसूले गए।

उन्होंने बताया कि 20 जून से संशोधित जनविश्वास अधिनियम के तहत बिना टिकट यात्रा के मामलों में न्यूनतम जुर्माना 250 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया गया है। रेलवे यात्रियों को नियमों की जानकारी देने के साथ-साथ उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार अभियान चला रहा है।

गंदगी और धूम्रपान पर भी सख्त कार्रवाई

टिकट जांच के साथ-साथ रेलवे ने स्वच्छता और धूम्रपान निषेध नियमों का भी कड़ाई से पालन कराया। जून माह में ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर गंदगी फैलाने के 1,522 मामलों में 1.79 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, धूम्रपान करते पाए गए 191 यात्रियों से 72 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर यात्रा करें, रेलवे परिसर को स्वच्छ रखें तथा धूम्रपान निषेध नियमों का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सघन अभियान जारी रहेगा।