हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, 20 फीट नीचे गिरी स्लीपर बस, 50 यात्री घायल, 12 की हालत गंभीर

हरदोई। जनपद के पचदेवरा थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर शनिवार और रविवार की मध्य रात्रि एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सिद्धार्थनगर के बांसी से दिल्ली जा रही एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
यह दुर्घटना भाहपुर सपहा गांव के पास हुई। बस में सवार अधिवक्ता विनय कुमार यादव ने बताया कि बस में बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे। उनका आरोप है कि चालक सफर के दौरान मोबाइल फोन पर बात कर रहा था, जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया और यह हादसा हो गया। हालांकि पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को बस से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया।
हादसे में छह बच्चों समेत करीब 50 यात्री घायल हुए हैं। इनमें 12 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका उपचार जारी है। घायलों में सुनील कुमार, अमित कुमार, कृष्ण मोहन, गीता यादव, विनय कुमार यादव, विशाल, अनिल, सचिन, कृष्णा पांडेय, बनवारीलाल, राहुल यादव, राहुल पाठक, शहजाद, अजय, तबस्सुम, राजेश, अंशिका, आंचल, मोहन कुमार, अकबर अली, मुन्ना, हैदर अली, साजिद, अफजल, मनोज पाठक सहित कई अन्य यात्री शामिल हैं। अधिकांश यात्री सिद्धार्थनगर और बस्ती जनपद के निवासी बताए गए हैं।
हादसे के बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव ने बताया कि दुर्घटना रात करीब दो बजे हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा बस में सवार यात्रियों की वास्तविक संख्या और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।