मुरादाबाद में स्कूलों और कोचिंग संस्थानों का फायर ऑडिट, 435 लोगों को अग्नि सुरक्षा का प्रशिक्षण

मुरादाबाद में स्कूलों और कोचिंग संस्थानों का फायर ऑडिट, 435 लोगों को अग्नि सुरक्षा का प्रशिक्षण

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा मुख्यालय, लखनऊ के निर्देश तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के आदेश पर जनपद में स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों में दो दिवसीय अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत शनिवार को विभिन्न अग्निशमन केंद्रों की टीमों ने शिक्षण संस्थानों का फायर ऑडिट किया और विद्यार्थियों व स्टाफ को आग लगने की स्थिति में सुरक्षित निकासी (इवेक्यूएशन) और बचाव के उपायों की जानकारी दी।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. आर.के. पाण्डेय के निर्देशन में हैलट रोड, कटघर, ठाकुरद्वारा, कांठ और बिलारी अग्निशमन केंद्रों की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों के 12 स्कूलों और कॉलेजों में अभियान चलाया। इस दौरान कुल 435 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा, आग से बचाव, प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के उपयोग तथा आपातकालीन स्थिति में सुरक्षित निकासी के बारे में जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान एडवांस पब्लिक स्कूल, लाइसम पब्लिक स्कूल, श्री साईं चिल्ड्रन एकेडमी, अभिषेक एकेडमी, एसबीएस पब्लिक स्कूल, सिल्वर ऑक अकैडमी, डी पॉल स्कूल, एसएमएस वैद्य जी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, श्री साईं विद्या कन्या इंटर कॉलेज, निष्ठा पब्लिक स्कूल, कौशल चौहान पब्लिक स्कूल और सेंट स्टीफन इंटरनेशनल स्कूल सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों का फायर ऑडिट किया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. आर.के. पाण्डेय ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य शिक्षण संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना और विद्यार्थियों व कर्मचारियों को किसी भी आपात स्थिति से सुरक्षित तरीके से निपटने के लिए प्रशिक्षित करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे जागरूकता अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि जनपद में अग्नि सुरक्षा के प्रति लोगों में अधिक से अधिक जागरूकता बढ़ाई जा सके।