मुरादाबाद: अग्निकांड पर समय रहते पाया काबू, एक्सपोर्ट एसोसिएशन ने सीएफओ डॉ. आर.के. पांडेय को किया सम्मानित

मुरादाबाद। दिल्ली रोड स्थित कन्हैया लाल निर्मल कुमार ओवरसीज फैक्ट्री में 1 जुलाई 2026 को लगी भीषण आग पर फायर सर्विस मुरादाबाद ने साहस, तत्परता और कुशल रणनीति के साथ समय रहते काबू पा लिया। फायर कर्मियों के अथक प्रयासों से आग पर नियंत्रण स्थापित कर लिया गया, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया और आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से भी रोक लिया गया। फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

फायर सर्विस मुरादाबाद के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए मुरादाबाद एक्सपोर्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. आर.के. पांडेय को सम्मानित किया। एसोसिएशन ने कहा कि फायर सर्विस की पेशेवर कार्यशैली, तत्परता और टीम भावना के कारण उद्योग को बड़े नुकसान से बचाया जा सका।

इस अवसर पर सीएफओ डॉ. आर.के. पांडेय ने फायर सर्विस की पूरी टीम के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभाग पूरी तरह तैयार है। उन्होंने उद्योगों से अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा नियमित रूप से फायर ऑडिट और मॉक ड्रिल कराने की भी अपील की।