यूपीटीईटी अभ्यर्थियों को बड़ी राहत: कानपुर से चलीं दो विशेष ट्रेनें, फतेहपुर पैसेंजर का प्रयागराज तक विस्तार

यूपीटीईटी अभ्यर्थियों को बड़ी राहत: कानपुर से चलीं दो विशेष ट्रेनें, फतेहपुर पैसेंजर का प्रयागराज तक विस्तार

प्रयागराज मंडल ने उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम करते हुए कानपुर सेंट्रल से दो विशेष ट्रेनों का संचालन किया है। साथ ही यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए फतेहपुर पैसेंजर ट्रेन का विस्तार प्रयागराज तक कर दिया गया है।

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में यात्रा करने वाले अभ्यर्थियों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के लिए यह व्यवस्था की गई। रेलवे प्रशासन के अनुसार कानपुर सेंट्रल?झांसी विशेष ट्रेन तथा कानपुर सेंट्रल?लखनऊ विशेष ट्रेन चलाई गईं, जो शाम 7 बजकर 12 मिनट पर कानपुर सेंट्रल स्टेशन से रवाना हुईं।

इसके अलावा फतेहपुर पैसेंजर ट्रेन को आगे बढ़ाकर प्रयागराज तक संचालित किया गया, जिससे यूपीटीईटी परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के साथ-साथ सामान्य यात्रियों को भी अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिली।

परीक्षा अवधि को देखते हुए रेलवे ने प्रमुख स्टेशनों पर विशेष व्यवस्थाएं लागू कीं। यात्रियों के सुचारु आवागमन के लिए अतिरिक्त रेलकर्मियों की तैनाती की गई, प्रभावी उद्घोषणा व्यवस्था को सक्रिय रखा गया, पूछताछ काउंटरों को मजबूत किया गया और सुरक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया गया ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

रेलवे प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों और यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन जानकारी प्राप्त करें, समय से स्टेशन पहुंचें और सुरक्षित एवं व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने में रेलवे का सहयोग करें।

यूपीटीईटी परीक्षा को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे की यह पहल हजारों अभ्यर्थियों के लिए राहत लेकर आई है और इससे परीक्षा के दौरान यात्रा व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।