कानपुर में रेलवे की फ्रेट कस्टमर मीटिंग, माल यातायात बढ़ाने पर हुआ मंथन

कानपुर में रेलवे की फ्रेट कस्टमर मीटिंग, माल यातायात बढ़ाने पर हुआ मंथन

प्रयागराज मंडल के अंतर्गत कानपुर एरिया में सोमवार को रेलवे द्वारा फ्रेट कस्टमर मीटिंग आयोजित की गई, जिसमें माल यातायात (गुड्स ट्रैफिक) बढ़ाने और ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर व्यापक चर्चा हुई। बैठक मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज के निर्देशन में उप मुख्य यातायात प्रबंधक श्री अकांशु गोविल की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

बैठक का उद्देश्य रेलवे और फ्रेट ग्राहकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, माल ढुलाई बढ़ाना तथा व्यापारियों और साइडिंग प्रतिनिधियों की समस्याओं एवं सुझावों पर चर्चा करना था। इस दौरान रेलवे अधिकारियों ने ग्राहकों को विभिन्न इंसेंटिव स्कीम, नई व्यावसायिक नीतियों, माल परिवहन सुविधाओं, लोडिंग-अनलोडिंग व्यवस्था, डिजिटल सेवाओं और व्यवसाय विकास से जुड़ी पहलों की जानकारी दी।

फ्रेट ग्राहकों और व्यापारियों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव अधिकारियों के सामने रखे, जिनमें कई मामलों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जबकि अन्य मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने का आश्वासन दिया गया।

बैठक में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कानपुर क्षेत्र के गुड्स डिपो प्रभारी, निरीक्षक और सुपरवाइजर मौजूद रहे। वहीं सीमेंट, उद्योग एवं लॉजिस्टिक्स क्षेत्र से जुड़े कई प्रमुख व्यापारी और फ्रेट ग्राहक भी शामिल हुए।

अध्यक्षीय संबोधन में उप मुख्य यातायात प्रबंधक श्री अकांशु गोविल ने कहा कि भारतीय रेल अपने फ्रेट ग्राहकों को सुरक्षित, समयबद्ध, विश्वसनीय और किफायती माल परिवहन सेवाएं देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने ग्राहकों से रेलवे की प्रोत्साहन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने और रेलवे के साथ दीर्घकालिक व्यावसायिक साझेदारी मजबूत करने का आह्वान किया।

बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और सभी प्रतिभागियों ने भविष्य में भी ऐसे ग्राहक संवाद कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने पर सहमति जताई।