सियालदह–डानकुनी रेलखंड पर 10 घंटे का मेगा ब्लॉक, कई लोकल ट्रेनें निरस्त, कई एक्सप्रेस ट्रेनों का बदला मार्ग

सियालदह डानकुनी रेलखंड पर 10 घंटे का मेगा ब्लॉक, कई लोकल ट्रेनें निरस्त, कई एक्सप्रेस ट्रेनों का बदला मार्ग

भारतीय रेलवे के रेल नेटवर्क को और अधिक सुरक्षित, मजबूत और आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए 5 जुलाई 2026 को सियालदह?डानकुनी रेलखंड पर 10 घंटे का मेगा यातायात एवं विद्युत ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक रात्रि 1 बजे से सुबह 11 बजे तक प्रभावी रहेगा।

सियालदह मंडल द्वारा बरानगर रोड और दक्षिणेश्वर स्टेशन के बीच स्थित रेल ओवरब्रिज के गर्डरों को उच्च क्षमता वाली क्रेन की सहायता से बदला जाएगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस कार्य से रेल परिचालन और अधिक सुरक्षित होगा तथा ट्रेनों की गति में भी सुधार आएगा।

इस मेगा ब्लॉक के कारण सियालदह डानकुनी, सियालदह कल्याणी सीमांत, सियालदह नैहाटी, सियालदह हाबरा तथा नैहाटी बंडेल खंड की कई विद्युत उपनगरीय ट्रेनें निरस्त रहेंगी, जिससे बड़ी संख्या में दैनिक यात्रियों पर असर पड़ सकता है।

इसके साथ ही कई महत्वपूर्ण लंबी दूरी की ट्रेनों के मार्ग में भी परिवर्तन किया गया है। इनमें कंचनजंघा एक्सप्रेस, अकाल तख्त एक्सप्रेस, दार्जिलिंग मेल, पदातिक एक्सप्रेस, सियालदह राजधानी एक्सप्रेस, कंचन कन्या एक्सप्रेस, उत्तरबंग एक्सप्रेस और पुरी?सियालदह दुरंतो जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं, जिन्हें वैकल्पिक मार्गों से चलाया जाएगा।

सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना ने बताया कि रेलवे अवसंरचना को सर्वोच्च सुरक्षा मानकों के अनुरूप बनाए रखने के लिए यह गर्डर परिवर्तन कार्य अत्यंत आवश्यक है। यात्रियों को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए इस कार्य को सप्ताहांत में किया जा रहा है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा प्रारंभ करने से पहले संशोधित ट्रेन समय-सारिणी की जानकारी आधिकारिक माध्यमों से अवश्य प्राप्त करें। वहीं कार्यस्थल के नीचे स्थित सड़क मार्ग भी ब्लॉक अवधि के दौरान बंद रहेगा, इसलिए वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा।

रेलवे का यह कार्य भविष्य में यात्रियों को अधिक सुरक्षित, तेज और बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।