अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सियालदह मंडल में भव्य आयोजन, 10 हजार कर्मचारियों और परिवारजनों ने किया योगाभ्यास

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सियालदह मंडल में भव्य आयोजन, 10 हजार कर्मचारियों और परिवारजनों ने किया योगाभ्यास

कोलकाता। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय रेल के सियालदह मंडल में रविवार को उत्साह और ऊर्जा के साथ भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन में रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर स्वास्थ्य, संतुलन और मानसिक शांति के प्रति अपनी जागरूकता का परिचय दिया।

कार्यक्रम का आयोजन सियालदह मंडल के कार्मिक विभाग द्वारा किया गया। मंडल मुख्यालय स्थित ?मंथन? और ?पी. एल. राय? सभागार इस आयोजन के प्रमुख केंद्र रहे। इसके अलावा पूरे मंडल के 48 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ योग सत्र आयोजित किए गए, जिनमें कर्मचारियों और उनके परिवारजनों सहित करीब 10 हजार लोगों ने भाग लिया।

योग कार्यक्रम को प्रभावी और लाभकारी बनाने के लिए योग विशेषज्ञ बरुण पात्र तथा ब्रह्माकुमारी संस्था के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया। उन्होंने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का प्रदर्शन करते हुए प्रतिभागियों को योग के महत्व और उसके स्वास्थ्य लाभों के बारे में जानकारी दी।

इस अवसर पर सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि बेहतर जीवन जीने की कला है। यह शरीर और मन दोनों को मजबूत बनाता है तथा आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में इसकी आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है। उन्होंने रेलवे परिवार के सभी सदस्यों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।

यह आयोजन सियालदह मंडल की अपने कर्मचारियों के स्वास्थ्य, सकारात्मक कार्य वातावरण और सामुदायिक भावना को मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम सभी के लिए स्वास्थ्य, ऊर्जा और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का प्रेरणादायक संदेश लेकर आया।