इज्जतनगर मंडल में खिलाड़ियों का सम्मान, डीआरएम वीणा सिन्हा ने बढ़ाया उत्साह और किया सम्मानित

इज्जतनगर मंडल में खिलाड़ियों का सम्मान, डीआरएम वीणा सिन्हा ने बढ़ाया उत्साह और किया सम्मानित

पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में शानदार पहल देखने को मिली। बरेली स्थित रोड नंबर-2 अधिकारी क्लब में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में अंतर्विभागीय खेल प्रतियोगिताओं और समर कैंप खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

इस समारोह में मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक के साथ प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिताओं में कैरम, शतरंज, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, फुटबॉल, वॉलीबॉल, क्रिकेट, ताइक्वांडो, एथलेटिक्स, हॉकी और कबड्डी जैसी कई खेल विधाएं शामिल रहीं।

डीआरएम वीणा सिन्हा ने इस अवसर पर खेलों से जुड़े कोच, रेफरी और अंपायरों को भी सम्मानित किया और उनके योगदान की सराहना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए खेल प्रतियोगिताएं बेहद जरूरी हैं। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास करते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करते हैं।

उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेंगे और वे रेलवे के साथ देश का नाम भी रोशन करेंगे।

इस कार्यक्रम में मंडल क्रीड़ा अधिकारी एवं वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (टीआरडी) राज कुमार, विभिन्न शाखाओं के अधिकारी, क्रीड़ा सचिव, यूनियन पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी, रेलकर्मी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

सफदर हुसैन के अनुसार इज्जतनगर मंडल लगातार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए ऐसे आयोजन करता रहेगा।

यह आयोजन साबित करता है कि रेलवे सिर्फ परिवहन ही नहीं, बल्कि खेल और प्रतिभा विकास को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।