शुक्रवार को बंद रहने वाली नैरो गेज ट्रेनें फिर पटरी पर, यात्रियों को बड़ी राहत

शुक्रवार को बंद रहने वाली नैरो गेज ट्रेनें फिर पटरी पर, यात्रियों को बड़ी राहत

जम्मू। हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत वादियों में टॉय ट्रेन का सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने शुक्रवार को मेंटेनेंस कार्य के कारण बंद रहने वाली नैरो गेज ट्रेन सेवाओं को तत्काल प्रभाव से बहाल करने का निर्णय लिया है। इस फैसले से हजारों यात्रियों के साथ-साथ कांगड़ा घाटी क्षेत्र के पर्यटन कारोबार को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार मंडल रेल प्रबंधक, जम्मू के निर्देश पर यात्री सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह महत्वपूर्ण फैसला लिया गया। अब गाड़ी संख्या 52465, 52467, 52470, 52474, 52472, 52473, 52464 एवं 52469 शुक्रवार के दिन भी अपने निर्धारित समय के अनुसार नियमित रूप से संचालित होंगी।

ये नैरो गेज ट्रेनें लंबे समय से हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा घाटी क्षेत्र में स्थानीय यात्रियों के आवागमन और पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख माध्यम रही हैं। शुक्रवार को सेवाएं बहाल होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में आसानी होगी, वहीं पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल वही ट्रेनें शुक्रवार को चलाई जाएंगी, जिन्हें पहले नियमित मेंटेनेंस के कारण शुक्रवार के दिन अस्थायी रूप से बंद किया गया था।

यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की ताजा जानकारी 139 रेलवे हेल्पलाइन या NTES के माध्यम से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

रेलवे के इस फैसले से यात्रियों में खुशी का माहौल है और इसे पर्यटन तथा स्थानीय परिवहन व्यवस्था के लिए सकारात्मक कदम माना जा रहा है।