दो दिनों में डिलीवरी वाहन से दो गैस सिलेंडर चोरी, पुलिस ने जांच शुरू की

सुमित गर्ग खेरागढ़ संवाददाता,

खेरागढ़। कस्बा खेरागढ़ में एचपी गैस एजेंसी के डिलीवरी वाहन से दो दिनों में दो गैस सिलेंडर चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित डिलीवरी कर्मियों ने कोतवाली खेरागढ़ में प्रार्थना पत्र देकर सिलेंडरों की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

प्रार्थना पत्र के अनुसार, एचपी गैस एजेंसी में डिलीवरी मैन अमर सिंह (निवासी ग्राम कछौड़ा, पट्टी डोंगल) तथा एजेंसी कर्मचारी शांति देव प्रकाश ने बताया कि 30 जून और 1 जुलाई की शाम गैस सिलेंडरों से भरे टेंपो/मैक्स वाहन को कस्बे में एक दुकान के सामने खड़ा कर कुछ देर के लिए गैस एजेंसी पर हिसाब-किताब करने गए थे। करीब 45 मिनट से एक घंटे बाद लौटने पर दोनों अलग-अलग दिनों में वाहन से एक-एक गैस सिलेंडर गायब मिला।

पीड़ितों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन सिलेंडरों का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद दोनों ने कोतवाली खेरागढ़ पहुंचकर अलग-अलग प्रार्थना पत्र देकर चोरी हुए सिलेंडरों की बरामदगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

कोतवाली पुलिस ने दोनों शिकायतों पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा चोरी हुए सिलेंडरों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।