उत्तर पश्चिम रेलवे को मिला नया नेतृत्व, पंकज शर्मा ने संभाला महाप्रबंधक का पदभार

उत्तर पश्चिम रेलवे को मिला नया नेतृत्व, पंकज शर्मा ने संभाला महाप्रबंधक का पदभार

जयपुर।उत्तर पश्चिम रेलवे को नया नेतृत्व मिल गया है। वरिष्ठ रेल अधिकारी श्री पंकज शर्मा ने 1 जुलाई 2026 को उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया। उनके पदभार संभालने के साथ ही रेलवे को अनुभवी, तकनीकी रूप से दक्ष और दूरदर्शी प्रशासनिक नेतृत्व प्राप्त हुआ है।

पंकज शर्मा इससे पहले रेलवे बोर्ड में प्रमुख कार्यकारी निदेशक, विद्युत विकास के पद पर कार्यरत थे। वह वर्ष 1989 बैच के भारतीय रेल विद्युत अभियंत्रण सेवा के वरिष्ठ अधिकारी हैं। अपने लंबे और सफल सेवाकाल में उन्होंने भारतीय रेलवे के कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारियां निभाई हैं।

उन्होंने कोटा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक, पश्चिम मध्य रेलवे में वरिष्ठ उपमहाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी, उत्तर रेलवे में मुख्य विद्युत अभियंता निर्माण, तथा मुख्य विद्युत कर्षण अभियंता जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सफलतापूर्वक कार्य किया है।

कोटा मंडल में कार्यकाल के दौरान पंकज शर्मा ने रेलवे के सबसे महत्वपूर्ण माल एवं यात्री परिचालन वाले मंडलों में से एक का सफल नेतृत्व किया। कोरोना महामारी जैसी विषम परिस्थितियों में उन्होंने कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व का परिचय देते हुए रेल संचालन को बिना किसी बाधा जारी रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उनके नेतृत्व में मिशन रफ्तार के अंतर्गत कोटा मंडल में विभिन्न रेलखंडों का तकनीकी मूल्यांकन, प्राथमिकता निर्धारण तथा गति वृद्धि से जुड़े कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए गए। इससे रेल मार्गों पर ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने, परिचालन क्षमता सुधारने और रेलवे की कार्यकुशलता को नई दिशा मिली।

रेलवे बोर्ड में प्रमुख कार्यकारी निदेशक, विद्युत विकास के रूप में उन्होंने रेलवे आधुनिकीकरण, रेल इंजन तकनीक और विद्युत प्रणाली से जुड़ी कई राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाओं का सफल नेतृत्व किया। उनके मार्गदर्शन में भारतीय रेलवे की तकनीकी क्षमता और परिचालन दक्षता को नई गति मिली।

पंकज शर्मा गुजरात के दहोद स्थित 9000 अश्वशक्ति विद्युत रेल इंजन परियोजना के सफल क्रियान्वयन में भी सक्रिय रूप से जुड़े रहे। यह भारतीय रेलवे का पहला ऐसा रेल इंजन है जिसे यूरोपीय मानकों के अनुरूप तैयार किया गया। इस परियोजना के तहत मात्र 20 महीनों में देश का पहला 9000 अश्वशक्ति विद्युत रेल इंजन तैयार कर नया कीर्तिमान स्थापित किया गया।

इसके अतिरिक्त उन्होंने ट्रेनों की गति 160 किलोमीटर प्रति घंटा तक बढ़ाने के उद्देश्य से उन्नत विद्युतीकरण प्रणाली, ऊर्जा भंडारण प्रणाली, भविष्य की आधुनिक परिवहन तकनीकों और विद्युत रेल इंजनों में डिजिटल तकनीक आधारित परियोजनाओं में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

पंकज शर्मा शांत स्वभाव, दृढ़ निश्चयी व्यक्तित्व और सहज उपलब्ध अधिकारी के रूप में पहचाने जाते हैं। उन्होंने हमेशा टीम भावना, कार्य उत्कृष्टता, पारदर्शिता, नवाचार और तकनीक को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। रेलवे संचालन, आधारभूत संरचना विकास, नीति निर्माण, सुरक्षा प्रबंधन और रणनीतिक योजना के क्षेत्र में उनके व्यापक अनुभव को देखते हुए माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में उत्तर पश्चिम रेलवे विकास और आधुनिकीकरण के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।