कश्मीर के फलों को देशभर के बाजारों तक पहुंचाने में रेलवे की बड़ी उपलब्धि, कटरा और जम्मूतवी से आलूबुखारा की रिकॉर्ड पार्सल बुकिंग

कश्मीर के फलों को देशभर के बाजारों तक पहुंचाने में रेलवे की बड़ी उपलब्धि, कटरा और जम्मूतवी से आलूबुखारा की रिकॉर्ड पार्सल बुकिंग

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम करते हुए कश्मीर घाटी के ताजे फलों को देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। चेरी और लीची की सफल ढुलाई के बाद अब श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्टेशन से चेन्नई और जम्मूतवी स्टेशन से कोलकाता के लिए ताजा आलूबुखारा बड़ी मात्रा में रवाना किया गया है।

जम्मू मंडल द्वारा 26 जून को श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्टेशन से 284 पैकेट ताजा आलूबुखारा सफलतापूर्वक चेन्नई के लिए भेजा गया। वहीं 22 जून से 25 जून के बीच जम्मूतवी स्टेशन से 587 पैकेट यानी लगभग 6.1 टन आलूबुखारा कोलकाता के लिए रवाना किया जा चुका है।

चेरी और लीची की सफल लोडिंग के बाद आलूबुखारा की यह खेप जम्मू-कश्मीर के बागवानों के लिए बड़ी राहत और बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में एक और मजबूत कदम माना जा रहा है। रेलवे की पार्सल सेवा के जरिए अब कश्मीर घाटी के किसान सीधे देश के बड़े बाजारों से जुड़ रहे हैं, जिससे उन्हें अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि ताजे और जल्दी खराब होने वाले फलों के सुरक्षित एवं तेज परिवहन के लिए रेलवे सबसे भरोसेमंद और किफायती माध्यम बनकर उभर रहा है। इससे देशभर के उपभोक्ताओं तक ताजे फल समय पर पहुंच पा रहे हैं और किसानों को आर्थिक लाभ मिल रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि कटरा और जम्मूतवी से आलूबुखारा की सफल लोडिंग जम्मू मंडल के लिए एक नया मील का पत्थर है। चेरी और लीची के बाद अब आलूबुखारा की लगातार लोडिंग यह साबित करती है कि रेलवे के प्रयासों से कश्मीर के किसान सीधे बड़े बाजारों तक अपनी पहुंच बना रहे हैं। रेलवे त्वरित बुकिंग, सुरक्षित हैंडलिंग और समयबद्ध डिलीवरी सुनिश्चित कर रहा है।

जम्मू मंडल ताजे फल, सब्जियां और अन्य कृषि उत्पादों के परिवहन के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। रेलवे की यह पहल किसानों, व्यापारियों और उपभोक्ताओं?तीनों के लिए लाभकारी साबित हो रही है और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दे रही है।