कश्मीर घाटी में रेलवे की नई रफ्तार: पंपोर स्टेशन पर हाईटेक सिस्टम शुरू, व्यापार को मिलेगा बड़ा फायदा

कश्मीर घाटी में रेलवे का बड़ा कदम: पंपोर स्टेशन पर आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग शुरू

पंपोर बना घाटी का दूसरा माल ढुलाई केंद्र, व्यापार और किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने कश्मीर घाटी में रेल सेवाओं को अधिक आधुनिक, सुरक्षित और तेज बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। पंपोर रेलवे स्टेशन पर पुराने पैनल इंटरलॉकिंग सिस्टम को अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली से सफलतापूर्वक बदल दिया गया है, जिससे रेल संचालन की सुरक्षा और दक्षता में बड़ा सुधार होगा।

नई तकनीक लागू होने के बाद स्टेशन पर पुराने सिस्टम की जगह आधुनिक विजुअल डिस्प्ले यूनिट स्थापित की गई है। इससे ट्रेनों के लिए रूट सेटिंग पहले की तुलना में अधिक तेज, सुरक्षित और त्रुटिरहित होगी। साथ ही सिग्नल फेल होने जैसी समस्याओं में कमी आएगी और भविष्य में ट्रेनों की संख्या बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

इसी क्रम में कश्मीर घाटी के लिए एक और बड़ी उपलब्धि यह रही कि पंपोर में नया गुड शेड पूरी तरह तैयार हो चुका है। अनंतनाग के बाद यह घाटी का दूसरा समर्पित माल लदान एवं उतार केंद्र होगा। हाल ही में इस यार्ड की लाइनों को इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली के माध्यम से मुख्य रेल लाइनों से जोड़ दिया गया है और जल्द ही इसे संचालन के लिए शुरू किया जाएगा।

पंपोर गुड शेड शुरू होने से व्यापार और कृषि क्षेत्र को बड़ा लाभ मिलेगा। सड़क मार्ग की तुलना में रेल मार्ग से माल ढुलाई काफी सस्ती साबित होगी। एक मालगाड़ी एक साथ सैकड़ों ट्रकों का काम कर सकेगी, जिससे परिवहन लागत में कमी आएगी। इसके अलावा सड़क मार्ग पर मौसम खराब होने, भूस्खलन और जाम जैसी समस्याओं के कारण होने वाली देरी से राहत मिलेगी। रेल सेवा के जरिए सेब, केसर, सीमेंट और अन्य उत्पाद तय समय पर बाजार तक पहुंच सकेंगे।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि पंपोर गुड शेड का संचालन शुरू होना कश्मीर घाटी के व्यापार और कृषि क्षेत्र के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि रेल परिवहन सड़क मार्ग की तुलना में अधिक सस्ता, सुरक्षित और भरोसेमंद है, जिससे किसानों की उपज तेजी से बाजार तक पहुंचेगी और उनकी आय में वृद्धि होगी।

जम्मू मंडल ने कहा है कि मंडल यात्रियों और माल ग्राहकों को सुरक्षित, समयबद्ध और किफायती सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।