हरिपुर रेलवे स्टेशन को मिली बड़ी सौगात, अजमेर-मैसूर एक्सप्रेस के ठहराव का हुआ शुभारंभ

हरिपुर रेलवे स्टेशन को मिली बड़ी सौगात, अजमेर-मैसूर एक्सप्रेस के ठहराव का हुआ शुभारंभ

हरिपुर। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए रेल मंत्रालय ने हरिपुर रेलवे स्टेशन पर अजमेर-मैसूर-अजमेर एक्सप्रेस के ठहराव को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के बाद शनिवार को हरिपुर रेलवे स्टेशन पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें रेलवे अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति देखने को मिली।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अजमेर मिहिर देव एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त रामेश्वर लाल मीणा सहित अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। समारोह के दौरान पाली सांसद पी.पी. चौधरी, राजस्थान सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत तथा सोजत विधायक श्रीमती शोभा चौहान समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने सजी-धजी ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

अब नियमित संचालन के तहत यह ट्रेन अजमेर से मैसूर जाने वाली गाड़ी संख्या 16209 हरिपुर रेलवे स्टेशन पर सुबह 7 बजकर 22 मिनट पर पहुंचेगी और 7 बजकर 24 मिनट पर रवाना होगी। वहीं मैसूर से अजमेर आने वाली गाड़ी संख्या 16210 दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर पहुंचेगी और 12 बजकर 32 मिनट पर प्रस्थान करेगी।

कार्यक्रम के दौरान स्टेशन परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में मौजूद स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और पुलिस बल ने इस ऐतिहासिक पल का स्वागत किया।

इस नए ठहराव से हरिपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों, व्यापारियों और आम जनता को दक्षिण भारत सहित कई प्रमुख शहरों तक आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। यह पहल रेलवे द्वारा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और क्षेत्रीय विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।