अजमेर मंडल में आरपीएफ जवानों को मिली बड़ी सौगात, नवनिर्मित मैस और ओपन जिम का हुआ उद्घाटन

अजमेर मंडल में आरपीएफ जवानों को मिली बड़ी सौगात, नवनिर्मित मैस और ओपन जिम का हुआ उद्घाटन

रेल सुरक्षा बल जवानों के स्वास्थ्य, फिटनेस और सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में उत्तर पश्चिम रेलवे की पहल

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल के जवानों के कल्याण और उनकी कार्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। बुधवार को रामगंज, अजमेर स्थित रेलवे सुरक्षा बल लाइन में जवानों के लिए बनाए गए नवनिर्मित मैस और ओपन जिम का भव्य उद्घाटन किया गया।

इस नई सुविधा का उद्घाटन राजू भूतड़ा, मंडल रेल प्रबंधक अजमेर तथा ज्योति कुमार सतीजा, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, जयपुर द्वारा किया गया।

इस अवसर पर योगेन्द्र सिंह, मंडल सुरक्षा आयुक्त अजमेर मंडल, रामेश्वर लाल मीणा, सहायक सुरक्षा आयुक्त अजमेर सहित रेलवे सुरक्षा बल के कई अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।

उद्घाटन कार्यक्रम के बाद प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त ज्योति कुमार सतीजा ने रेलवे सुरक्षा बल के जवानों के साथ सुरक्षा सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन के दौरान जवानों की समस्याओं को सुना गया और उनके मनोबल को मजबूत बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

इसके अलावा अधिकारियों ने रेल सुरक्षा बल के श्वान दस्ता (डॉग स्क्वाड) तथा रेलवे सुरक्षा बल थाना अजमेर का भी निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने जवानों के बेहतर कार्य वातावरण और सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार ज्योति कुमार सतीजा और राजू भूतड़ा के मार्गदर्शन, प्रेरणा और लगातार सहयोग से अजमेर मंडल के आरपीएफ कर्मियों के कल्याण और कार्य सुविधाओं में लगातार सुधार किया जा रहा है।

रेलवे का मानना है कि जवानों के लिए शुरू की गई नई मैस और ओपन जिम सुविधा उनके स्वास्थ्य, फिटनेस और कार्यक्षमता को बेहतर बनाए रखने में मील का पत्थर साबित होगी। यह पहल रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के साथ जवानों के मनोबल को भी नई ऊर्जा देगी।