बड़ी खबर: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एसी ब्लास्ट, एक व्यक्ति की मौत एक घायल।। 🚨😱पढ़ें पूरी खबर..

रायगढ़ में एसी फटने से बड़ा हादसा: एक की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के अंबेडकर नगर आईटीआई कॉलोनी में मचा हड़कंप, पुलिस मौके पर जांच में जुटी

रायगढ़। शहर के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबेडकर नगर स्थित आईटीआई कॉलोनी में गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक मकान में अचानक एयर कंडीशनर (एसी) फटने से भीषण हादसा हो गया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घर का एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग दहशत में बाहर निकल आए। धमाका इतना जोरदार था कि मकान के अंदर का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही चक्रधर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।

घटना के बाद स्थानीय रहवासियों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि अगर यह विस्फोट कुछ देर बाद होता, तो आसपास के अन्य घरों को भी बड़ा नुकसान हो सकता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एसी में तकनीकी खराबी या गैस प्रेशर बढ़ने के कारण विस्फोट होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि लंबे समय से एसी की सर्विसिंग नहीं हुई थी, जिससे कंप्रेसर पर दबाव बढ़ सकता है। हालांकि पुलिस और तकनीकी टीम जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि करेगी।