जालंधर को मिली बड़ी सौगात, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह ने दो बड़े आरओबी प्रोजेक्ट्स की रखी आधारशिला

जालंधर को मिली बड़ी सौगात, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह ने दो बड़े आरओबी प्रोजेक्ट्स की रखी आधारशिला

पंजाब के जालंधर शहर को सड़क सुरक्षा और बेहतर यातायात व्यवस्था की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह ने बुधवार को जालंधर में गुरु नानक पुरा और गढ़ा रोड पर दो महत्वपूर्ण रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं से हजारों लोगों को जाम से राहत मिलने के साथ सुरक्षित और तेज आवागमन की सुविधा मिलेगी।

इस अवसर पर मंत्री रवनीत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पंजाब में रेलवे अवसंरचना और सुरक्षा परियोजनाओं में रिकॉर्ड निवेश हो रहा है, जिससे प्रदेश में विकास को नई गति मिल रही है।

जालंधर सिटी?जालंधर कैंट रेलखंड पर लेवल क्रॉसिंग संख्या B-67A के स्थान पर बनने वाला गुरु नानक पुरा आरओबी लगातार लगने वाले ट्रैफिक जाम और रेलवे फाटक बंद होने से होने वाली परेशानी को खत्म करेगा। यह व्यस्त रेलवे क्रॉसिंग 4.66 लाख से अधिक ट्रैफिक व्हीकल यूनिट (TVU) संभालती है। इस परियोजना को अब रेलवे द्वारा लगभग 48.95 करोड़ रुपये की लागत से पूरी तरह वित्तपोषित किया जाएगा।

इसके साथ ही गढ़ा रोड पर जालंधर सिटी?नकोदर खंड की लेवल क्रॉसिंग संख्या S-4 के स्थान पर बनने वाले दो लेन आरओबी की भी आधारशिला रखी गई। यह मार्ग 2.13 लाख से अधिक TVU के भारी यातायात का केंद्र है। लगभग 63.98 करोड़ रुपये की लागत वाला यह प्रोजेक्ट जालंधर सिटी, जामशेर खास, नकोदर और आसपास के इलाकों को बेहतर संपर्क सुविधा देगा।

मंत्री ने कहा कि ये दोनों परियोजनाएं सुरक्षित सड़कें, तेज यातायात, कम जाम और बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेंगी, जिससे हजारों नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने रेलवे अधिकारियों, इंजीनियरों, स्थानीय प्रशासन और सभी संबंधित विभागों की सराहना करते हुए भरोसा जताया कि दोनों परियोजनाएं तय समय सीमा में पूरी होंगी।

जालंधर में शुरू हुई ये विकास परियोजनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि रेलवे और केंद्र सरकार देशभर में आधुनिक, सुरक्षित और तेज इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण को प्राथमिकता देते हुए आम जनता को बेहतर सुविधाएं देने के लिए लगातार काम कर रही हैं।