उत्तर रेलवे ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए चलाईं तीन विशेष अनारक्षित ट्रेनें

उत्तर रेलवे ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए चलाईं तीन विशेष अनारक्षित ट्रेनें

प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे ने 13 जून से 20 जून 2026 तक तीन विशेष अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों के संचालन से पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों के परीक्षार्थियों को राहत मिलेगी।

रेलवे प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार ये सभी ट्रेनें ट्रेन ऑन डिमांड व्यवस्था के तहत चलाई जाएंगी और इनके संचालन का उद्देश्य परीक्षा केंद्रों तक अभ्यर्थियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करना है।

चलने वाली विशेष ट्रेनें इस प्रकार हैं:

1. फिरोजपुर अमृतसर विशेष ट्रेन (04643/04644)

यह ट्रेन 13 जून से 20 जून 2026 तक कुल 8 ट्रिप संचालित होगी। ट्रेन फिरोजपुर से चलकर मखू, लोहियां खास, सुल्तानपुर लोधी, कपूरथला, जालंधर सिटी, ब्यास होते हुए अमृतसर पहुंचेगी। वापसी में यही मार्ग रहेगा।

2. लुधियाना जालंधर सिटी विशेष ट्रेन (04645/04646)

यह ट्रेन भी 13 जून से 20 जून 2026 तक 8 ट्रिप संचालित की जाएगी। ट्रेन लुधियाना से फिल्लौर, फगवाड़ा होते हुए जालंधर सिटी तक जाएगी। यह सेवा खासतौर पर कम दूरी के यात्रियों और परीक्षार्थियों के लिए उपयोगी होगी।

3. सहारनपुर जालंधर सिटी विशेष ट्रेन (04549/04550)

यह विशेष ट्रेन 13 जून से 20 जून 2026 तक 8 ट्रिप चलेगी। ट्रेन सहारनपुर से चलकर यमुनानगर, अंबाला, राजपुरा, सरहिंद, खन्ना, लुधियाना, फिल्लौर, फगवाड़ा होते हुए जालंधर सिटी पहुंचेगी। वापसी में भी यही रूट रहेगा।

रेलवे प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन ट्रेनों की जानकारी स्टेशन नोटिस बोर्ड, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और प्रिंट मीडिया के माध्यम से व्यापक रूप से यात्रियों तक पहुंचाई जाए, ताकि परीक्षार्थियों को समय पर जानकारी मिल सके।

उत्तर रेलवे का यह कदम परीक्षा अवधि में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने और अभ्यर्थियों को सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।