सतर्क स्टेशन मास्टर ने टाली बड़ी रेल दुर्घटना, उत्कृष्ट कार्य पर मिला ‘स्टार परफॉर्मर ऑफ द मंथ’ सम्मान

सतर्क स्टेशन मास्टर ने टाली बड़ी रेल दुर्घटना, उत्कृष्ट कार्य पर मिला स्टार परफॉर्मर ऑफ द मंथ सम्मान

पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के लिए गर्व का क्षण उस समय आया जब रेल संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करने हेतु आयोजित समारोह में बनबसा स्टेशन पर तैनात स्टेशन मास्टर सूरज कुमार को उनकी सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा के लिए ?स्टार परफॉर्मर ऑफ द मंथ? घोषित किया गया। यह सम्मान पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने गोरखपुर स्थित महाप्रबंधक सभाकक्ष ?चैतन्य? में आयोजित समारोह में नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर प्रदान किया।

जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल 2026 को गाड़ी संख्या 12035 टनकपुर-दिल्ली एक्सप्रेस जब बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर पहुंच रही थी, तभी स्टेशन मास्टर सूरज कुमार की नजर इंजन से जुड़े पहले एसएलआर डिब्बे से निकल रहे असामान्य धुएं पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए उन्होंने बिना देरी किए ट्रेन मैनेजर और लोको पायलट को तुरंत इसकी सूचना दी।

तत्काल संयुक्त निरीक्षण करने पर एसएलआर में ब्रेक बाइंडिंग की समस्या पाई गई, जिसके कारण पहिया पूरी तरह से रिलीज नहीं हो रहा था। इसके बाद ट्रेन मैनेजर, सहायक लोको पायलट और अन्य कर्मचारियों ने मिलकर आवश्यक कार्रवाई की और समस्या को दूर कर ट्रेन का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया।

सूरज कुमार की सजगता, सूझबूझ और समय पर लिए गए निर्णय के कारण एक संभावित बड़ी दुर्घटना और रेल परिचालन में बाधा को टाला जा सका। इस सराहनीय कार्य के लिए मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने उन्हें बधाई देते हुए रेल संरक्षा के प्रति उनकी जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा की।

रेलवे अधिकारियों ने कहा कि ऐसे कर्मचारी पूरे विभाग के लिए प्रेरणा हैं, जिनकी सतर्कता यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।