मुरादाबाद में अग्निशमन विभाग अलर्ट: 8 कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा जांच, फायर उपकरणों की हुई चेकिंग

मुरादाबाद में अग्निशमन विभाग अलर्ट: 8 कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा जांच, फायर उपकरणों की हुई चेकिंग

मुरादाबाद। जनपद में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अग्निशमन विभाग लगातार सतर्कता अभियान चला रहा है। इसी क्रम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय एवं मुरादाबाद अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा के निर्देशन में शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों में अग्निशमन उपकरणों की सघन जांच की गई।

अभियान के दौरान कुल 8 शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर अग्निशमन यंत्रों की स्थिति, उनकी कार्यक्षमता और सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया गया। जिन संस्थानों की जांच की गई उनमें आकाश कोचिंग सेंटर (कांठ रोड), प्रयास कोचिंग सेंटर (प्रकाश नगर चौराहा), माइल स्टोन (रामलीला ग्राउंड), स्टडी प्वाइंट क्लासेस (जाट कॉलोनी), रामानुज कोचिंग सेंटर (रामलीला), जेनेसिस कोचिंग सेंटर, मोशन कोचिंग सेंटर और इनफिनिटी कोचिंग सेंटर शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संस्थान संचालकों को निर्देश दिए कि सभी अग्निशमन यंत्र हमेशा कार्यशील स्थिति में रखें, समय-समय पर उनकी सर्विसिंग कराएं और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए स्टाफ को आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जाए।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने बताया कि विभाग 24 घंटे अलर्ट मोड पर है और जिले में लगातार ऐसे सुरक्षा निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे।

मुरादाबाद अग्निशमन विभाग की इस सक्रियता से साफ है कि जिले में सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह गंभीर है और किसी भी आपदा से निपटने के लिए पूरी तैयारी के साथ कार्य किया जा रहा है।