सड़क हादसे में दिवंगत रेल कर्मचारी के परिवार को मिली 40 लाख रुपये की बीमा राशि, फिरोजपुर मंडल ने निभाई जिम्मेदारी

भारतीय रेलवे के फिरोजपुर मंडल से एक संवेदनशील और सराहनीय पहल सामने आई है। सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले रेल कर्मचारी के परिवार को 40 लाख रुपये की बीमा राशि प्रदान कर रेल प्रशासन ने कर्मचारी हितों और उनके परिवारों के प्रति अपनी जिम्मेदारी को मजबूती से निभाया है।

जानकारी के अनुसार, फिरोजपुर मंडल के अंतर्गत डीजल शेड लुधियाना में तकनीशियन-द्वितीय पद पर कार्यरत प्रभजोत सिंह का 20 नवंबर 2025 को ड्यूटी से अलग समय में सड़क दुर्घटना के कारण दुखद निधन हो गया था। उनका वेतन पंजाब नेशनल बैंक की रेलवे वेतन योजना के अंतर्गत संचालित था, जिसके तहत बीमा दावा संबंधित बैंक शाखा को भेजा गया।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी साक्षी सिंह तथा पंजाब नेशनल बैंक के सहायक महाप्रबंधक एवं सर्किल हेड कपिल कुमार गांधी और वरिष्ठ प्रबंधक दीपक कुमार की उपस्थिति में दिवंगत कर्मचारी के परिजनों को 40 लाख रुपये की बीमा राशि प्रदान की गई।

इसके अतिरिक्त रेल प्रशासन द्वारा परिवार को समूह बीमा योजना, ग्रेच्युटी, सेवानिवृत्ति उपदान सहित अन्य समापन भुगतान भी किए गए हैं। साथ ही दिवंगत कर्मचारी की पत्नी को अनुकंपा के आधार पर रेलवे विभाग में नियुक्ति देने की प्रक्रिया भी की जा रही है।

फिरोजपुर मंडल ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि रेल प्रशासन अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के कल्याण एवं सुरक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। यह कदम कर्मचारियों के हितों के प्रति रेलवे की संवेदनशील सोच और जिम्मेदार व्यवस्था का उदाहरण माना जा रहा है।