फिरोजपुर मंडल में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश

फिरोजपुर। भारतीय रेल के फिरोजपुर मंडल में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रेलवे अधिकारी क्लब में विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के नेतृत्व में रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों सहित लगभग 125 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया।

योग शिविर में पतंजलि योग पीठ, भारत स्वाभिमान ट्रस्ट तथा जीवन कला योग समिति, फिरोजपुर के अनुभवी योग विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को योग और प्राणायाम का अभ्यास कराया। इस दौरान डॉ. गुरनाम सिंह, कुलजीत सिंह, मनोज आर्या एवं अन्य प्रशिक्षकों ने भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित कॉमन योगा प्रोटोकॉल के अनुरूप विभिन्न योगासन करवाए।

योग विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास कई बीमारियों की रोकथाम में सहायक है और तनावमुक्त जीवन जीने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम के दौरान सभी को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

शिविर का समापन योग अपनाएं, निरोग रहें के संकल्प के साथ हुआ। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में फिरोजपुर मंडल के सभी कार्यालयों एवं रेलवे स्टेशनों पर भी व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां कर्मचारियों एवं यात्रियों को योग के महत्व से अवगत कराया गया।