अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर खेरागढ़ थाने में हुआ योगाभ्यास, पुलिस कर्मियों ने लिया स्वस्थ रहने का संकल्प

सुमित गर्ग खेरागढ़ संवाददाता,

खेरागढ़। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को खेरागढ़ थाने परिसर में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम किए।

कार्यक्रम कार्यवाहक थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रामपाल सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ। योगाभ्यास के दौरान वरिष्ठ उपनिरीक्षक (एसएसआई) अनुज शर्मा सहित थाने के सभी उपनिरीक्षक, महिला उपनिरीक्षक एवं आरक्षी उपस्थित रहे। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में पुलिस कर्मियों ने शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया।

इस अवसर पर कार्यवाहक थाना प्रभारी रामपाल सिंह ने कहा कि पुलिस कर्मियों की ड्यूटी अत्यंत चुनौतीपूर्ण एवं तनावपूर्ण होती है। ऐसे में योग शारीरिक स्फूर्ति, मानसिक एकाग्रता एवं तनावमुक्त जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों से नियमित रूप से योग करने का आह्वान किया।

योगाभ्यास के दौरान पुलिस कर्मियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, तनाव प्रबंधन तथा नियमित व्यायाम के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस बल को शारीरिक रूप से फिट एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाए रखना रहा।

योग कार्यक्रम के अंत में सभी पुलिस कर्मियों ने नियमित योग करने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।