बीकानेर-मेड़ता रेलखंड पर ट्रैक नवीनीकरण, बीकानेर-मदुरै एक्सप्रेस 4 दिन देरी से चलेगी

बीकानेर-मेड़ता रेलखंड पर ट्रैक नवीनीकरण, बीकानेर-मदुरै एक्सप्रेस 4 दिन देरी से चलेगी

यात्रियों की सुरक्षा और रेल संचालन को अधिक बेहतर बनाने के लिए रेलवे ने जोधपुर मंडल के बीकानेर-मेड़ता रोड रेलखंड पर बड़े स्तर पर ट्रैक नवीनीकरण कार्य शुरू करने का फैसला लिया है। इस कार्य के चलते आगामी दिनों में रेल यातायात प्रभावित रहेगा और कुछ ट्रेनों के संचालन समय में बदलाव किया गया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार नागौर, बदवासी और अलाय स्टेशनों के बीच संपूर्ण रेल पथ नवीनीकरण कार्य किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण कार्य को यात्री सुरक्षा और ट्रेनों के सुचारु संचालन को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि इस कार्य के कारण ट्रेन संख्या 22632 बीकानेर-मदुरै अणुव्रत सुपरफास्ट साप्ताहिक एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 1 घंटा 30 मिनट की देरी से संचालित होगी।

रेलवे प्रशासन के मुताबिक यह बदलाव 21 जून, 28 जून, 5 जुलाई और 12 जुलाई 2026 को लागू रहेगा। इन चारों तिथियों पर यह ट्रेन बीकानेर स्टेशन से अपने निर्धारित समय दोपहर 3:30 बजे के बजाय 1 घंटा 30 मिनट विलंब से रवाना होगी।

यह साप्ताहिक एक्सप्रेस नोखा, नागौर, डेगाना, मकराना और फुलेरा मार्ग से होकर संचालित होती है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेन की ताजा स्थिति जरूर जांच लें और बदले हुए समय के अनुसार स्टेशन पहुंचें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो।

रेलवे का कहना है कि ट्रैक नवीनीकरण कार्य पूरा होने के बाद इस रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन अधिक सुरक्षित और सुगम हो सकेगा।