रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने निभाया वादा, छपरा-दिल्ली व मऊ-दिल्ली एक्सप्रेस समेत नई रेल सेवाओं को दिखाई हरी झंडी

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने निभाया वादा, छपरा-दिल्ली व मऊ-दिल्ली एक्सप्रेस समेत नई रेल सेवाओं को दिखाई हरी झंडी

पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा आयोजित समारोह में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और बिहार सरकार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को कई महत्वपूर्ण रेल सेवाओं का शुभारंभ किया। इस दौरान छपरा-दिल्ली एक्सप्रेस, मऊ-दिल्ली एक्सप्रेस तथा दोहरीघाट-औंड़िहार-दोहरीघाट रेल सेवा का विस्तार वाराणसी सिटी तक किए जाने पर हरी झंडी दिखाई गई।

छपरा जंक्शन पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि 11 मई 2026 को दोहरीघाट में उन्होंने जिन रेल सेवाओं की घोषणा की थी, उन्हें तय समय सीमा के भीतर पूरा कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इन नई ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को राजधानी दिल्ली तक किफायती, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुविधा मिलेगी।

रेल मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने बिहार में रेलवे विकास को अभूतपूर्व गति दी है। पहले जहां बिहार को औसतन एक हजार करोड़ रुपये का बजट मिलता था, अब इसे बढ़ाकर 10 हजार करोड़ रुपये कर दिया गया है। राज्य में तीसरी और चौथी रेल लाइन, सड़क उपरिगामी पुल, स्टेशन पुनर्विकास और नई रेल परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत बिहार के 98 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास हो रहा है। राज्य में 14 वंदे भारत रेलगाड़ियों का संचालन हो रहा है और आने वाले समय में बिहार को बुलेट ट्रेन नेटवर्क से भी जोड़ा जाएगा। दिल्ली से पटना तक बुलेट ट्रेन चलने पर यह दूरी लगभग 4 घंटे 41 मिनट में पूरी होगी।

रेल मंत्री ने कहा कि छपरा-दिल्ली एक्सप्रेस की लंबे समय से मांग थी। इसके संचालन से बलिया, मऊ, आजमगढ़, लखनऊ और दिल्ली के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसे बिहार और छपरा के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि बिहार में इस समय एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है और राज्य के 38 में से 36 जिले रेल नेटवर्क से जुड़ चुके हैं।

कार्यक्रम के दौरान बिहार के मढ़ौरा लोकोमोटिव कारखाने से गिनी गणराज्य को निर्यात होने वाले 51वें रेल इंजन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसे भारत की तकनीकी क्षमता और आत्मनिर्भरता का बड़ा उदाहरण बताया गया।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री अरविंद कुमार शर्मा, सांसद राजीव प्रताप रूडी समेत कई जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी मौजूद रहे। उदय बोरवणकर ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।

नई रेल सेवाओं के शुभारंभ को बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के यात्रियों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है। इससे क्षेत्रीय संपर्क बेहतर होगा और विकास को नई गति मिलेगी।