मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने ग्राम चौपाल में सुनी समस्याएं, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने ग्राम चौपाल में सुनी समस्याएं, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

मुरादाबाद। जन समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने शुक्रवार को विकास खंड मुरादाबाद की ग्राम पंचायत हाशमपुर गोपाल में आयोजित ग्राम चौपाल में प्रतिभाग किया। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और विभिन्न विभागों से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

ग्राम चौपाल में खंड विकास अधिकारी मुरादाबाद, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), सहायक विकास अधिकारी (ग्राम्य विकास), ग्राम विकास अधिकारी (समाज कल्याण), ग्राम पंचायत सचिव, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

सीडीओ ने चौपाल के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषाहार वितरण, राशन वितरण व्यवस्था, फार्मर रजिस्ट्री, फैमिली आईडी, जनगणना-2027 और ग्राम पंचायत में चल रहे विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न योजनाओं से वंचित लाभार्थियों की फैमिली आईडी शीघ्र बनाने के लिए ग्राम पंचायत सचिव को निर्देशित किया।

राशन वितरण व्यवस्था की समीक्षा के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि राशन डीलर समय से वितरण कर रहा है। इस पर सीडीओ ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि समय-समय पर वितरण का सत्यापन कराया जाए। ग्रामीणों द्वारा नए राशन कार्ड बनाने की मांग पर सचिव को नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

ग्राम पंचायत में संचालित पुस्तकालय के निरीक्षण के दौरान पुस्तकों के रखरखाव और नियमित साफ-सफाई के निर्देश दिए गए। साथ ही श्मशान घाट और गांव की नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।

पेंशन योजनाओं की समीक्षा में बताया गया कि पात्र लाभार्थियों को लाभ मिल रहा है। इस पर ग्राम विकास अधिकारी (समाज कल्याण) को विशेष कैंप आयोजित कर पात्र लोगों को सभी पेंशन योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए गए।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास प्लस सर्वे-2024 में चयनित 29 लाभार्थियों को नियमानुसार आवास उपलब्ध कराने के लिए खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया।

चौपाल के दौरान दो शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें राशन कार्ड में यूनिट बढ़ाने और पेंशन संबंधी मामला शामिल रहा। सीडीओ ने दोनों शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा ग्राम में स्थापित नक्षत्रशाला की नियमित सफाई कराने और आगामी 21 जून को आयोजित (अंतरराष्ट्रीय योग दिवस) के अवसर पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया गया।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए अधिकारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।