पश्चिम रेलवे महाप्रबंधक ने किया अहमदाबाद स्टेशन पुनर्विकास कार्यों और रेलखंड का संरक्षा निरीक्षण

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने मंगलवार को अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर चल रहे स्टेशन पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा अहमदाबाद-वडनगर रेलखंड का व्यापक संरक्षा निरीक्षण कर रेलवे आधुनिकीकरण, आधारभूत संरचना विकास और यात्री सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कार्यों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने अहमदाबाद स्टेशन के निर्माणाधीन साउथ ब्लॉक का दौरा किया और प्लेटफॉर्म संख्या 9 एवं 10 के साथ बुलेट ट्रेन स्टेशन के नीचे बन रहे प्लेटफॉर्म 11 एवं 12 के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं के आधुनिकीकरण और आधारभूत ढांचे के उन्नयन की जानकारी दी।

वहीं रेल भूमि विकास प्राधिकरण के मुख्य परियोजना प्रबंधक संजीव कुमार ने स्टेशन पुनर्विकास परियोजना की मास्टर प्लान, निर्माण कार्यों की प्रगति, प्रस्तावित यात्री सुविधाओं, स्टेशन भवन और मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी की विस्तृत जानकारी साझा की। महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके बाद पाण्डेय ने अहमदाबाद-वडनगर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान रेलवे ट्रैक, लेवल क्रॉसिंग, पॉइंट्स एवं क्रॉसिंग सहित अन्य तकनीकी संरचनाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया। उन्होंने रेल पथ की स्थिति, परिचालन दक्षता और सुरक्षा मानकों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के अंतिम चरण में महाप्रबंधक वडनगर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन के रिले रूम, रूट रिले इंटरलॉकिंग (आरआरआई), मास्टर केबिन, बुकिंग काउंटर, फुट ओवरब्रिज, प्लेटफॉर्म और कैफेटेरिया का निरीक्षण किया। पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता दिखाते हुए उन्होंने स्टेशन परिसर में वृक्षारोपण भी किया।

इस अवसर पर अहमदाबाद मंडल एवं मुख्यालय के कई वरिष्ठ रेलवे अधिकारी मौजूद रहे। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह निरीक्षण भविष्य की परियोजनाओं को गति देने, सुरक्षा मानकों को और मजबूत करने तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।