बीकानेर-साबरमती के बीच जल्द शुरू होगी नई एक्सप्रेस ट्रेन, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव दिखाएंगे हरी झंडी

बीकानेर। भारतीय रेलवे यात्रियों को एक और बड़ी सौगात देने जा रहा है। जल्द ही अश्विनी वैष्णव बीकानेर (लालगढ़) और साबरमती (अहमदाबाद) के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे। इस नई रेल सेवा के शुरू होने से राजस्थान और गुजरात के बीच सीधा, तेज और सुविधाजनक रेल संपर्क स्थापित होगा, जिससे दोनों राज्यों के लाखों यात्रियों को लाभ मिलेगा।

नई एक्सप्रेस ट्रेन पश्चिम भारत के दो प्रमुख राज्यों राजस्थान और गुजरात को बेहतर रेल कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। इसके माध्यम से यात्री गुजरात के प्रसिद्ध साबरमती रिवरफ्रंट, मोढेरा सूर्य मंदिर, पाटन की ऐतिहासिक रानी की वाव जैसी विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों तक आसानी से पहुंच सकेंगे, वहीं राजस्थान के भव्य जूनागढ़ किला, करणी माता मंदिर, लालगढ़ पैलेस और बीकानेर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का भी आनंद ले सकेंगे।

करीब 740 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह नई ट्रेन सेवा गुजरात के अहमदाबाद, महेसाणा, पाटन और बनासकांठा सहित राजस्थान के जालौर, बालोतरा, जोधपुर, नागौर और बीकानेर जिलों को सीधा लाभ पहुंचाएगी। ट्रेन के प्रमुख ठहराव साबरमती, महेसाणा, पाटन, भीलड़ी, धानेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालौर, मोकलसर, समदड़ी, लूणी, जोधपुर, गोटन, मेड़ता रोड, नागौर, नोखा, बीकानेर और लालगढ़ होंगे।

इस दैनिक एक्सप्रेस सेवा के शुरू होने के बाद बीकानेर से साबरमती तक नियमित रेल संपर्क स्थापित हो जाएगा, जिससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों को विशेष सुविधा मिलेगी। साथ ही यह सेवा क्षेत्रीय विकास, व्यापारिक गतिविधियों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी नई गति देगी।

गौरतलब है कि हाल ही में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राजस्थान को कई बड़ी रेल परियोजनाओं की सौगात दी है। उन्होंने जोधपुर से नई रेल सेवाओं को रवाना किया, वंदे भारत एक्सप्रेस के विस्तार की घोषणा की, वहीं जैसलमेर में कोच केयर कॉम्पलेक्स का शुभारंभ भी किया। अब बीकानेर-साबरमती नई ट्रेन सेवा को लेकर यात्रियों में उत्साह देखा जा रहा है।