फिरोजपुर मंडल ने बनाया नया रिकॉर्ड, एक ही दिन में तीन रैक ट्रैक्टरों की लोडिंग कर बढ़ाया रेल राजस्व

फिरोजपुर मंडल ने बनाया नया रिकॉर्ड, एक ही दिन में तीन रैक ट्रैक्टरों की लोडिंग कर बढ़ाया रेल राजस्व

फिरोजपुर। भारतीय रेल के फिरोजपुर रेल मंडल ने माल परिवहन के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए एक ही दिन में रिकॉर्ड तीन रैक ट्रैक्टरों की लोडिंग कर इतिहास रच दिया। यह उपलब्धि 13 जून 2026 को दर्ज की गई, जिसे मंडल की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में फिरोजपुर मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट इकाई ने विभिन्न हितधारकों के साथ बेहतर समन्वय और लगातार प्रयासों के बल पर यह सफलता हासिल की। इस रिकॉर्ड लोडिंग से न केवल मंडल के माल यातायात में बढ़ोतरी हुई है, बल्कि रेलवे के राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

रेल अधिकारियों के अनुसार यह उपलब्धि फिरोजपुर मंडल की बेहतर कार्यप्रणाली, प्रभावी विपणन रणनीति और ग्राहकों को दी जा रही सुविधाजनक सेवाओं का परिणाम है। इससे यह साबित होता है कि रेलवे माल ढुलाई के क्षेत्र में लगातार अपनी सेवाओं को मजबूत कर रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक फ्रेट परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि फिरोजपुर मंडल माल ढुलाई को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। ग्राहकों को किफायती, सुरक्षित, समयबद्ध और घर से घर तक सामान पहुंचाने जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे व्यापारियों और उद्योगों का रेलवे पर भरोसा लगातार बढ़ रहा है।

इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि फिरोजपुर रेल मंडल आधुनिक, तेज और भरोसेमंद माल परिवहन सेवाएं देने की दिशा में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।