रेलवे स्टेशनों पर चला ‘रेल वन ऐप’ जागरूकता अभियान, यात्रियों को बताए डिजिटल टिकटिंग के फायदे

फिरोजपुर। रेल यात्रियों को आधुनिक और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फिरोजपुर मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर मंगलवार को रेल वन ऐप जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत लुधियाना, जालंधर सिटी, ढंडारी कलां और अमृतसर रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को मोबाइल ऐप के माध्यम से टिकट खरीदने के लिए प्रेरित किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के दौरान स्टेशन परिसरों में बैनर और स्टैंडी लगाकर यात्रियों को ऐप की विशेषताओं और लाभों की जानकारी दी गई। साथ ही लगभग 200 यात्रियों के मोबाइल फोन में ?रेल वन ऐप? इंस्टॉल कराकर उन्हें डिजिटल टिकटिंग की प्रक्रिया भी समझाई गई।

अधिकारियों ने बताया कि रेल वन ऐप के जरिए अनारक्षित टिकट खरीदने पर यात्रियों को 3 प्रतिशत की छूट मिलती है। इसके अलावा टिकट काउंटरों पर लगने वाली लंबी कतारों से राहत मिलती है, सभी भुगतान ऑनलाइन होने से खुले पैसे की समस्या समाप्त होती है और यात्रा प्रक्रिया अधिक आसान व पारदर्शी बनती है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने कहा कि फिरोजपुर मंडल का लक्ष्य डिजिटल सेवाओं के माध्यम से यात्रियों को सरल, सुरक्षित और सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि ?रेल वन ऐप? रेल यात्रियों के लिए एक डिजिटल साथी के रूप में कार्य कर रहा है, जिससे समय की बचत, टिकटिंग में सुविधा, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा और नकद लेन-देन की परेशानी से मुक्ति जैसे कई लाभ मिल रहे हैं।

रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अधिक से अधिक संख्या में ?रेल वन ऐप? का उपयोग कर डिजिटल इंडिया अभियान को मजबूत बनाने की अपील की।