खुटहनपारा में छठ घाट निर्माण को लेकर विवाद, वार्डवासियों ने कलेक्टर से की शिकायत

बैकुंठपुर।नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर के वार्ड क्रमांक 15 खुटहनपारा में छठ घाट निर्माण कार्य को लेकर विवाद गहरा गया है। वार्डवासियों ने कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपकर आरोप लगाया है कि जिस स्थान पर वर्तमान में छठ घाट का निर्माण कराया जा रहा है, वहां पहले से ही छठ घाट मौजूद है और उपयोग में भी है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि वर्षों से उनकी मांग वार्ड की वास्तविक आवश्यकता के अनुसार नए एवं उपयुक्त स्थान पर छठ घाट निर्माण की रही है, लेकिन उनकी मांग को नजरअंदाज करते हुए उसी पुराने स्थान पर पुनः निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इससे शासकीय धन एवं संसाधनों के दुरुपयोग की आशंका जताई गई है। वार्डवासियों ने इस निर्णय पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सहमति और सुझावों को दरकिनार किया गया है, जिससे क्षेत्र में असंतोष का माहौल है। कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में मांग की गई है कि वर्तमान निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोका जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए तथा वार्डवासियों की आवश्यकता और सहमति के अनुरूप चयनित स्थान पर ही छठ घाट का निर्माण कराया जाए। इस मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है और अब लोगों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है।