प्रयागराज मंडल ने यूपीपीएससी परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए की विशेष रेल व्यवस्था, जरूरत पड़ने पर चलेंगी परीक्षा स्पेशल ट्रेनें

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा 14 जून 2026 को आयोजित राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) लेक्चरर भर्ती परीक्षा को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए व्यापक और विशेष तैयारियां की हैं। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थियों की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए आवश्यकता पड़ने पर परीक्षा विशेष ट्रेनों का संचालन भी किया जाएगा।

रेल प्रशासन ने परीक्षार्थियों की सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन और अलीगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त रेक उपलब्ध कराए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत विशेष ट्रेनें चलाई जा सकें। इसके अलावा ट्रेनों के पुनर्निर्धारण और विस्तार की व्यवस्था भी आवश्यकतानुसार की जाएगी।

परीक्षा अवधि के दौरान भीड़ प्रबंधन और यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे ने विशेष कार्ययोजना लागू की है। इसके तहत प्रयागराज छिवकी रेलवे स्टेशन, नैनी रेलवे स्टेशन, सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन, फतेहपुर रेलवे स्टेशन, इटावा रेलवे स्टेशन, टूंडला जंक्शन, शिकोहाबाद जंक्शन, फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन तथा मिर्जापुर रेलवे स्टेशन समेत प्रमुख स्टेशनों पर रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है।

रेलवे प्रशासन ने टिकट काउंटरों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की नियुक्ति, पूछताछ केंद्रों की बेहतर व्यवस्था, उद्घोषणा प्रणाली को सक्रिय रखने और हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही स्टेशन परिसरों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार की जाएगी ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रयागराज मंडल ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से स्टेशन पहुंचें, वैध टिकट लेकर यात्रा करें और रेलवे द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य है कि परीक्षा देने जा रहे सभी अभ्यर्थियों को सुरक्षित, समयबद्ध और आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

यह जानकारी जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह द्वारा दी गई।