महोबा में जन साहस संस्था ने मनाया विश्व बाल श्रम निषेध दिवस, बच्चों को शिक्षा के अधिकार के प्रति किया जागरूक

महोबा, उत्तर प्रदेश।

विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर दिनांक 12 जून 2026 को जन साहस संस्था द्वारा विकासखंड चरखारी की ग्राम पंचायत सलुवा में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को बाल श्रम से दूर रखते हुए शिक्षा से जोड़ना तथा समुदाय को बच्चों के अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।कार्यक्रम की शुरुआत जन साहस संस्था के जिला समन्वयक आदित्य कुमार जी एवं टीम साथियों द्वारा परिचय एवं संस्था के कार्यों की जानकारी देकर की गई। उन्होंने उपस्थित लोगों को बाल श्रम निषेध दिवस के महत्व और बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए शिक्षा की भूमिका के बारे में जानकारी दी।

इस दौरान फील्ड ऑफिसर राजेश जी एवं ममता जी ने बच्चों एवं अभिभावकों को बाल श्रम के दुष्प्रभाव, बच्चों के अधिकार एवं शिक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों को मजदूरी में लगाने के बजाय उन्हें विद्यालय भेजें। कार्यक्रम में संदेश दिया गया?

"बचपन को शिक्षा की ज़रूरत है, बाल श्रम की नहीं!

बच्चे का हाथ किताब में अच्छा लगता है, औज़ार में नहीं!"

कार्यक्रम में जन साहस संस्था द्वारा संचालित मजदूर हेल्पलाइन नंबर 180012011211 के बारे में भी लोगों को जानकारी दी गई। बताया गया कि यह 247 चलने वाली निःशुल्क सेवा है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद मजदूर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।इसके साथ ही जनसाथी चंद्रशेखर जी एवं अमरकांत जी द्वारा बच्चों एवं महिलाओं को मिलने वाली विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र परिवारों को योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर जन साहस टीम द्वारा बच्चों को मिठाई वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।इस अवसर पर जन साहस संस्था से जिला समन्वयक आदित्य कुमार जी, फील्ड ऑफिसर ममता जी, राजेश जी, जनसाथी अमरकांत जी, चंद्रशेखर जी, मुस्कान जी सहित ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक सुनील जी, आशा, संगिनी एवं अन्य स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बच्चों सहित कुल 58 लोगों ने सहभागिता की।