कटड़ा में उमड़ा आस्था का सैलाब, 48 हजार श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दर्शन को रवाना

कटड़ा में उमड़ा आस्था का सैलाब, 48 हजार श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दर्शन को रवाना

कटड़ा। मां वैष्णो देवी के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था लगातार देखने को मिल रही है। तेज गर्मी और धूप के बावजूद सोमवार को श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। देर शाम 8:35 बजे तक करीब 48,000 श्रद्धालु आरएफआईडी कार्ड प्राप्त कर भवन की ओर रवाना हो चुके थे, जिसके बाद पंजीकरण कक्ष बंद कर दिया गया।

यात्रा मार्ग के प्रमुख पड़ाव बाणगंगा, चरणपादुका, अर्धकुंवारी और सांझीछत पर दिनभर भक्तों की चहल-पहल बनी रही। इससे पहले रविवार को 48,300 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के पवित्र दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया था।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने यात्रा मार्ग पर पेयजल, चिकित्सा सहायता और ओआरएस काउंटरों की बेहतर व्यवस्था की है। वहीं, श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या से कटड़ा के होटल, बाजार और स्थानीय कारोबार में भी रौनक लौट आई है। पूरे क्षेत्र में भक्ति, उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल देखने को मिल रहा है।