यात्रियों की सुरक्षा को नई मजबूती, जम्मू मंडल ने जारी की ‘आपदा प्रबंधन एवं अग्नि सुरक्षा कार्य योजना’ पुस्तिका

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने यात्री सुरक्षा और आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आपदा प्रबंधन एवं अग्नि सुरक्षा कार्य योजना नामक विशेष मार्गदर्शिका पुस्तिका जारी की है। यह पुस्तिका आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने में रेलवे कर्मचारियों के लिए एक उपयोगी मार्गदर्शक साबित होगी।

पुस्तिका का विमोचन मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार ने किया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी तथा मंडल सुरक्षा दल के सदस्य भी उपस्थित रहे।

यह विशेष पुस्तिका जम्मू मंडल एवं USBRL परियोजना को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है। इसमें आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, अग्नि सुरक्षा उपाय, सुरक्षित निकासी योजना, संचार तंत्र और विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों का विस्तृत विवरण शामिल किया गया है। अब कर्मचारियों को सभी महत्वपूर्ण निर्देश एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे, जिससे आपात स्थिति में निर्णय लेने की प्रक्रिया और अधिक प्रभावी बनेगी।

मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह पुस्तिका कर्मचारियों को आपदा के समय सही दिशा में त्वरित कार्रवाई करने में सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि केवल योजनाएं बनाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि नियमित मॉक ड्रिल और प्रशिक्षण के माध्यम से उनकी प्रभावशीलता सुनिश्चित करना भी आवश्यक है।

पुस्तिका में आपातकालीन संपर्क नंबर, अग्निशमन से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश तथा प्रत्येक विभाग की भूमिका को स्पष्ट रूप से शामिल किया गया है, जिससे संकट की घड़ी में भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो और राहत एवं बचाव कार्य तेजी से संचालित किए जा सकें।

जम्मू मंडल की यह पहल रेलवे की सुरक्षा संस्कृति को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है सुरक्षित यात्रा, सुरक्षित मंजिल के संकल्प के साथ मंडल लगातार आधुनिक और प्रभावी सुरक्षा उपायों को अपनाते हुए यात्रियों को बेहतर एवं सुरक्षित रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।