यूपी पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, एडमिट कार्ड दिखाने पर रोडवेज बसों में मिलेगा 50% किराया छूट

यूपी पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, एडमिट कार्ड दिखाने पर रोडवेज बसों में मिलेगा 50% किराया छूट

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश में 8, 9 और 10 जून 2026 को आयोजित होने वाली आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) ने बड़ी सुविधा की घोषणा की है। निगम के प्रबंध निदेशक द्वारा जारी आदेश के अनुसार परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड दिखाने पर रोडवेज बसों में किराए पर 50 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान की जाएगी।

मुरादाबाद क्षेत्रीय प्रबंधक अनुराग यादव ने बताया कि भर्ती परीक्षा के मद्देनजर क्षेत्र के सभी बस अड्डों और डिपो को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक समय पर और सुगमता से पहुंचाने के लिए पर्याप्त संख्या में बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बस सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

जारी आदेश के अनुसार यह छूट निगम की सभी सामान्य एवं अनुबंधित बस सेवाओं में लागू रहेगी। अभ्यर्थियों को यात्रा के दौरान अपना वैध एडमिट कार्ड एवं पहचान पत्र साथ रखना होगा।

परीक्षा अवधि में प्रमुख रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और महत्वपूर्ण मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ ही बस अड्डों पर सहायता काउंटर एवं कर्मचारियों की तैनाती कर अभ्यर्थियों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

क्षेत्रीय प्रबंधक अनुराग यादव ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले यात्रा की योजना बनाएं तथा रोडवेज द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना निगम की प्राथमिकता है।

इस निर्णय से हजारों अभ्यर्थियों को आर्थिक राहत मिलने के साथ-साथ परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में भी बड़ी सुविधा मिलेगी।