मोहनपुर चौराहे पर दर्दनाक हादसा: गौवंश से टकराई बाइक, महिला की मौत, गौवंश भी गंभीर रूप से घायल

पूरनपुर। रविवार रात करीब 9:30 बजे पूरनपुर-खुटार हाइवे पर स्थित मोहनपुर चौराहे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सूचना मिलने पर गौ रक्षा दल एवं पुलिस टीम मौके पर पहुंची। बताया गया कि एक मोटरसाइकिल की गौवंश से टक्कर हो गई, जिसमें बाइक सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।महिला के सिर में गहरी चोट लगी थी। तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उन्हें अस्पताल भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान लवप्रीत कौर निवासी राजा मंडी, मैलानी के रूप में हुई। बताया गया कि वह हेमकुंड साहिब के दर्शन कर लौट रही थीं और अपने मायके गढ़वा खेड़ा जा रही थीं। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
हादसे में घायल गौवंश को भी गंभीर चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद एक ट्रक की चपेट में आने से गौवंश भी बुरी तरह घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे समाजसेवी एवं गौ रक्षादल प्रमुख ठाकुर शिवम सिंह भदोरिया एवं उनकी टीम ने महिला को अस्पताल भिजवाने के बाद घायल गौवंश को रात करीब 1 बजे गौशाला पहुंचाकर उपचार की व्यवस्था कराई। हालांकि गौवंश की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है।
इस दौरान पुलिस प्रशासन एवं एनएचएआई की टीम भी मौके पर मौजूद रही और राहत कार्य में सहयोग किया।सेवा कार्य में बबलू यादव, प्रियांशु यादव, उपेंद्र सिंह, आशु राणा, वीरेंद्र वर्मा, हरिपाल वर्मा एवं अनीस वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।