हरदोई में लोक-लाज में बेटी की पीट पीटकर हत्या, शव का चुपके से किया अंतिम संस्कार, पिता समेत चार गिरफ्तार

हरदोई। संडीला थाना क्षेत्र के समदखेड़ा गांव में 19 वर्षीय युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने युवती के पिता समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि युवती के घर से बिना बताए चले जाने से नाराज परिजनों ने उसकी पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया।
पुलिस के अनुसार, 7 जून 2026 को मिथिलेशा पत्नी रामदयाल निवासी ग्राम समदखेड़ा ने संडीला थाने में तहरीर देकर बताया कि उनकी पुत्री शुभी (19) 3-4 जून की रात करीब 12 बजे बिना बताए घर से कहीं चली गई थी और सुबह लगभग 4 बजे वापस लौट आई थी। इसी बात से नाराज होकर पति रामदयाल, उसके भाई मुनेश, सुरेश और अन्य परिजनों ने शुभी के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।
मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए। जांच के दौरान पुलिस ने नामजद आरोपियों रामदयाल, मुनेश, सुरेश और माधुरी को गिरफ्तार कर लिया।
एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि युवती की मौत के बाद घटना को छिपाने के लिए आरोपियों ने कपड़ा सिलने वाली सुई से शरीर पर सांप के काटने जैसे निशान बनाए। वहीं आत्महत्या का रूप देने के लिए गले पर फंदे जैसे निशान भी बनाए गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दिए बिना शव का गांव के एक बाग में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।