पुलिस भर्ती परीक्षा अभ्यर्थियों के लिए चलेगी विशेष ट्रेन, कासगंज-कानपुर के बीच तीन दिन मिलेगा लाभ

पुलिस भर्ती परीक्षा अभ्यर्थियों के लिए चलेगी विशेष ट्रेन, कासगंज-कानपुर के बीच तीन दिन मिलेगा लाभ

बरेली। उत्तर प्रदेश पुलिस परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने कासगंज जंक्शन और कानपुर अनवरगंज के बीच विशेष परीक्षा ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन 8, 9 और 10 जून 2026 को संचालित की जाएगी।

रेलवे प्रशासन के अनुसार 05312 कासगंज जंक्शन?कानपुर अनवरगंज परीक्षा विशेष ट्रेन कासगंज से शाम 6:15 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन कायमगंज, फर्रुखाबाद, गुरसहायगंज, कन्नौज और बिल्हौर स्टेशनों पर निर्धारित ठहराव के बाद रात 10:50 बजे कानपुर अनवरगंज पहुंचेगी।

वापसी में 05311 कानपुर अनवरगंज?कासगंज जंक्शन परीक्षा विशेष ट्रेन रात 11:30 बजे कानपुर अनवरगंज से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन बिल्हौर, कन्नौज, गुरसहायगंज, फर्रुखाबाद और कायमगंज होते हुए सुबह 4:20 बजे कासगंज जंक्शन पहुंचेगी।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि इस विशेष ट्रेन के संचालन से पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले हजारों अभ्यर्थियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में राहत मिलेगी।

पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल ने अभ्यर्थियों से यात्रा के दौरान रेलवे नियमों का पालन करने तथा समय से स्टेशन पहुंचने की अपील की है।